जून २१, २०१८
पश्चिम बंगालकी मुख्यमन्त्री और ‘तृणमूल कांग्रेस’की प्रमुख ममता बैनर्जीने वीरवारको ‘भारतीय जनता पार्टी’पर कडा प्रहार करते हुए इसपर विभाजनकारी राजनीति करने और ‘उग्रवादी संगठन’की तरह कार्य करनेका आक्षेप किया । मुख्यमन्त्रीने दलकी ‘विस्तारित कोर कमेटी’की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम भाजपाकी तरह ‘उग्रवादी संगठन’ नहीं हैं । वे न केवल ईसाइयों और मुस्लिमोंके मध्य, बल्कि हिन्दुओंके मध्यभी झगडा फैला रहे हैं ।
तृणमूल प्रमुखने कहा कि भाजपा भिडन्तकरनेकी चेतावनी दे रहे हैं । मात्र इस कारणसे कि वे दिल्लीमें सत्ता में हैं, वे बम फेंकनेकी भी बात कर रहे हैं । मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि आए और हमें छुए ! हम उन्हें उनका स्थान दिखा देंगे ! ममता ने कहा कि लोकसभा मतदान अबसे तीन माहके बाद हो सकते हैं, या फिर छह माह बाद । उन्होंने भाजपापर ‘ईवीएम’के साथ छेडछाड करनेका आक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओंसे मतदानके लिए तैयार रहनेकी विनती की ।
ममताने कहा कि मतदाता सूचीके पुनरीक्षणका कार्य आरम्भ हो चुका है । उचित प्रक्रिया अपनाई जाए, इसे सुनिश्चित करें ! ‘ईवीएम’से छेडछाडकी भाजपाकी लत है । हमारे कार्यकर्ता सतर्क रहें और इसकी देखरेख करें ! सुश्री बनर्जीने कार्यकर्ताओंको आन्तरिक कलहसे बचनेकी चेतावनी देते हुए कहा कि हमने वर्षाेंके संघर्षके बाद इस दलका गठन किया है । यदि कोई सोचता है कि वह दलसे बडा है तो उसके लिए दलको छोडनेके लिए द्वार खुले हुए हैं । केवल ममता बनर्जी काम करेंगी, यह नहीं हो सकता । दलमें निष्क्रिय लोगोंके लिए कोई स्थान नहीं है ।
बता दें कि ममता इससे पूर्व भी कई अवसरपर भाजपाकी मुखर आलोचना करती रही हैं । उनका यह कथन ऐसे समयमें आया है जब पश्चिम बंगालके भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोषने कहा था यदि हमारा शासन आता है तो हम अपने कार्यकर्ताओंकी हत्याका बदला लेंगे ! ज्ञात है कि गत माह राज्यमें हुए पंचायत मतदानके समय हिंसा हुई थी । इस हिंसामें भाजपा और टीएमसी दोनों दलोंके कार्यकर्ताओंकी मृत्यु हुई थी ।
स्त्रोत : पंजाब केसरी
Leave a Reply