सितम्बर २४, २०१८
बिजनौरके कोतवाली देहात थानेमें प्रेमिकाके कहनेपर युवकने अपनी पत्नीको भ्रमणभाषपर ‘तीन तलाक’ देनेके पश्चात दूसरा निकाह कर लिया ! पहली पत्नीके परिजनोंको निकाहमें निर्धारित हुई ३५ सहस्त्र रुपयेकी मेहर देनेके पश्चात उनमें सन्धि हो गई । विशेष बात यह रही कि चलभाषपर तलाक और दूसरा निकाह थानाध्यक्षके कार्यालयके बाहर ही पढाया गया, जबकि उन्होंने इस सारे घटनाक्रम से अनभिज्ञता जताई है ।
युवक गुलफामका गांवकी ही युवतीसे प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन गुलफामके परिजनोंने उसका निकाह १५ जुलाई २०१८ को अपने परिजन थाना हल्दौर क्षेत्रके गांव पावटी निवासी युवतीसे कर दिया था । गुलफामका निकाह होनेपर उसकी प्रेमिका कुछ माह तो शान्त रही, लेकिन शनिवारको वह अपने प्रेमी गुलफामके घर जा पहुंची । प्रेमिकाके गुलफामके घर बैठ जानेकी सूचना गुलफामकी पत्नीके परिजनोंको लगी । इस पर पत्नीके परिजन रविवारको थाना कोतवाली देहात पहुंचे । उन्होंने पहली पत्नीके होते गुलफामपर दूसरा निकाह करनेका आरोप लगाते हुए पुलिसको परिवाद दे दी, जिसके आधारपर पुलिस गुलफामको थाने ले आई । इसके पश्चात गुलफामकी प्रेमिका भी थाने पहुंच गई और गुलफामसे निकाहकी जिदपर अड गई । गुलफामने निकाह करनेमें आनाकानी की तो प्रेमिकाने विष निकालकर उसे खाकर जान देनेकी चेतावनी दे डाली । प्रेमिकाकी जिद देखकर पुलिसकी उपस्थितिमें गुलफामके परिजन थानेमें प्रथम पत्नीके परिजनों से सन्धि वार्ता करने लगे, जिसपर उनमें तीन तलाक और मेहर देनेकी बात पर सन्धि हो गई । इसके पश्चात गुलफामने थानेमें ही अपनी प्रथम पत्नीको चलभाषपर तीन तलाक दे दिया और उसके परिजनोंको मेहरके रूपमें ३५ सहस्त्र रुपये दे दिए ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply