जुलाई ४, २०१८
गोवामें इस वर्ष अच्छे उत्पादनके लिए वैदिक मन्त्रजापका आश्रय लिया जा रहा है । गोवाके कृषि मन्त्री विजय सरदेसाईने कृषिमें उत्पादन बढानेके लिए ध्यान और ब्रह्माण्डीय ऊर्जाका समर्थन किया है । उन्होंने कहा है कि किसानोंको क्षेत्रमें (खेत) बैठकर लगभग २० मिनटतकके लिए ध्यान लगाना चाहिए, ऐसा करनेसे उनकी कृषिमें लाभ होगा । उनका कहना है कि किसानोंद्वारा वैदिक मन्त्रका जाप करनेसे अच्छा उत्पादन होगा, उनकी कृषि योग्य भूमिको लाभ होगा !
‘शिव योग कॉस्मिक फार्मिंग’ नामके अभियानके अन्तर्गत किसानोंसे कहा गया है कि वह लगभग २० मिनटतक नित्य अपनी कृषि भूमिपर बैठकर ध्यान लगाएं, ऐसा करनेसे ब्रह्माण्डीय ऊर्जा उनकी भूमिपर आएगी और अच्छा उत्पादन होगा ! इस अभियानको रसायन अभियन्तासे (केमिकल इंजीनियर) गुरु बनने वाले, अवधूत शिवानन्दने बनाया है । इस अभियानके अन्तर्गत किसानोंको २० मिनटतक ध्यान लगाना होगा और ‘ऊं रों जुम स:’का जप करना होगा । विवरणके अनुसार विजय सरदेसाईकी भार्या अवधूत शिवानन्दकी समर्थक हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि सरदेसाईकी भार्याने ही इस तरहका पग उठानेके लिए उन्हें कहा होगा ।
सरदेसाईने कहा है कि इस अभियानमें किसी तरहका धन सम्मिलित नहीं है । उन्होंने कहा, ‘मैं कृषिमें रुचि बढानेके लिए हर प्रकारकी सूचना एकत्रित करूंगा । यदि आप लोग मेरे समक्ष यह सिद्ध करनेमें सफल होते हैं कि ‘रॉक शो और ब्यूटी प्रतियोगिता’ करनेसे कृषिमें अच्छा उत्पादन होगा तो मैं यह भी करवानेको सज्ज हूं । हमें अब उन तकनीकोंके बारेमें विचार करना होगा, जिनकी सहायतासे हम लोगोंके मनमें कृषिके लिए उत्साह जगा सकते हैं ।’ कृषि मन्त्रीने कहा कि उनका उद्देश्य कृषिमें उर्वरकोंके प्रयोगको अल्प करना और मिट्टीमें ब्रह्माण्डीय ऊर्जाकी वृद्धि करना है । सरदेसाईके अनुसार ब्रह्माण्डीय ऊर्जासे ऐसे सूक्ष्मजीव जीवित होंगे श, जो मिट्टीकी उर्वरक क्षमताकी वृद्धि करेंगे !
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply