जुलाई २८, २०१८
गौरक्षाके नामपर देशके विभिन्न भागोंसे हिंसाके समाचार निरन्तर सामने आ रहे हैं । प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदीके परामर्श और उच्चतम न्यायालयके आदेशके पश्चात भी इस प्रकारके प्रकरणपर विराम नहीं लग रहा है । इस मध्य विभिन्न दलोंके नेताओंकी ओर से भडकाने वाले वक्तव्य भी सामने आ रहे हैं । अब पीडीपीके एक नेताने क्रोधित करने वाला वक्तव्य दिया है । पीडीपी नेता मुजफ्फर हुसैन बेगने कहा, ‘गाय और भैंसके नामपर मुसलमानोंका रक्त बहाना बन्द करें, अन्यथा परिणाम अच्छे नहीं होंगे ! वर्ष १९४७ में देशका एक विभाजन पहले ही हो चुका है ।’ मुजफ्फर बेगने एक सभाको सम्बोधित करते हुए दूसरे विभाजनकी चेतावनी दे डाली ! पीडीपी नेताका सामाजिक प्रसार माध्यमपर वक्तव्य सामने आते ही लोगोंने कडी प्रतिक्रिया व्यक्त करनी आरम्भ कर दी । आरोही त्रिपाठीने लिखा, ‘एक और धमकी ! बंटवारा हो गया तो अभी भी हिन्दुस्तानमें क्या कर रहे हो ?…भागो यहां से !’ नेहा पाण्डेने ‘ट्वीट’ किया, ‘तब गांधी और नेहरू थे…अब वो नहीं हैं ! विभाजनको छोडो, तुम्हें विभाजितकर पाकिस्तान भेजेंगे !’ जैद हामिदने लिखा, ‘बांग्लादेशमें पहले से ही रोहिंग्या हैं, ऐसे में आप कहां जाएंगे ?’
गौरक्षाके नामपर की जा रही हत्याको लेकर मोदी पहले ही चिन्ता दिखा चुके हैं । उच्चतम न्यायालय भी इस प्रकारकी घटनाओंपर अविलम्ब रोक लगानेका आदेश दे चुका है । इसके पश्चात भी गायकी रक्षाके नामपर ‘मॉब लिंचिंग’की घटनाएं थमनेका नाम नहीं ले रही हैं । कुछ दिवस पूर्व ही राजस्थानके अलवरमें रकबर खान नामक युवककी उग्र भीडने हत्या कर दी थी ! वह अपने मित्रके साथ गाय ले जा रहा था । इस प्रकरणमें पुलिसकी लापरवाही भी सामने आई थी । इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, मध्य प्रदेश जैसे राज्योंमें भी इस प्रकारकी घटनाएं हो चुकी हैं । पुलिसके प्रयासोंके बाद भी इस प्रकारकी घटनाओंपर रोक नहीं लग पा रही है । हिंसक घटनाओंके मध्य राजनेता भी देने से पीछे नहीं हट रहे हैं । विपक्षी दल इसपर भाजपाको उत्तरदायी मान रहे हैं ।
स्रोत : जनसत्ता
Leave a Reply