अगस्त १८, २०१८
बिहारके भोजपुर प्रान्तमें शुक्रवार देर रात्रि शराबबन्दी अभियानके अन्तर्गत छापेमारी करने गई पुलिस बलपर शराब माफियाओंने प्राणघातक आक्रमण कर दिया । पुलिसपर ईंट पत्थर बरसाए गए ! इस मध्य पुलिसके कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि नवादा थानाध्यक्ष सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए ! चोटिलकी चिकित्सा आरा सदर चिकित्सालयमें चल रहा है ।
घटना प्रान्तके नवादा थाना क्षेत्रके चन्दवा महादलित टोलेकी है । बताया जा रहा है कि प्रान्तके नवादा थाना पुलिसको गुप्त सूचना मिली थी कि चन्दवा स्थित महादलित बस्तीमें कुछ शराब माफियाओंद्वारा शराबकी खेप जमा कर क्रय-विक्रय किया जा रहा है । नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमारने दलबलके साथ चन्दवा महादलित टोलेमें छापेमारी अभियान चलाया, उसी मध्य शराब माफिया आक्रोशित हो गए और पुलिस बलपर ईंट पत्थरसे आक्रमण कर दिया ।
इस घटनामें नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी बुरी प्रकार से चोटिल हो गए । शराब माफियाओंके इस आक्रमणमें पुलिसकर्मी तो किसी प्रकार से भागकर वहां से अपने प्राण बचा पाए; लेकिन आक्रोशित लोग इसपर भी शान्त नहीं हुए और हंगामा करते हुए पुलिसके कई वाहनोंको भी क्षतिग्रस्त कर दिया ।
घटनामें नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार सहित लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मी बुरी प्रकार से चोटिल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोग व मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियोंने आरा सदर चिकित्सालयमें प्रविष्ट कराया । इसकी सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ पंकज कुमार दलबलके साथ घटनास्थलपर पहुंच पूरे घटनाक्रमकी छानबीनमें जुट गए हैं ।
पंकज कुमारने बताया कि इसमें कई लोगोंको बन्दी बनाकर पूछताछ भी की जा रही है । पकडे गए सभी लोगोंपर वैधानिक कार्यवाही करते हुए अन्योंको बन्दी बनानेके लिए छापेमारी की जा रही है ।
स्रोत : द राइजिंग न्यूज
Leave a Reply