दिसम्बर १, २०१८
राजिंदर सिंह बाजवाने नवजोत सिंह सिद्धूपर लक्ष्य साधा है । उन्होंने सिद्धूको पंजाब मन्त्रिमण्डलसे त्यागपत्र देनेका परामर्श दिया है । बाजवाने शनिवार, १ दिसम्बरको कहा कि यह बात बिल्कुल स्पष्ट है कि पंजाबमें हमारे नेता, हमारी दलके नेता सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ही हैं, परन्तु यदि सिद्धू उन्हें अपना नेता नहीं मानते या स्वयंको उनसे बडा मानते हैं तो उन्हें मन्त्रिमण्डलसे त्यागपत्र दे देना चाहिए ।
बाजवाने कहा कि राहुल गांधी सिद्धूको जो भी उत्तरदायित्व सौंपे, उसे उन्हें निभाना चाहिए । बाजवाने नवजोत सिंह सिद्धूको कम बोलने और काम अधिक करनेका परामर्श भी दिया और कहा कि वह धीरे-धीरे चलें । उन्होंने कहा, हो सकता है कि उनके (नवजोत सिंह सिद्धू) सपने बडे हों, परन्तु वे साकार भी तभी होंगे जब वे अपने शब्दोंपर ध्यान देंगे और कम गतिसे चलेंगे ।
बाजवाने कहा, ‘यह सबको ज्ञाय है कि मेरे, कैप्टन अमरिंदर सिंह, सिद्धूके और पूरी कांग्रेस पार्टीके नेता राहुल गांधी ही हैं, परन्तु पंजाबमें कांग्रेस और सरकारके नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ही हैं और रहेंगे ।’ उन्होंने कहा कि जिसप्रकारके व्यवहारके साथ नवजोत सिंह सिद्धूने कैप्टन अमरिंदर सिंहको अपना नेता न माननेकी बात कही है, वैसेमें उन्हें मन्त्रिमण्डलको छोड देना चाहिए ।
उल्लेखनीय है कि करतारपुर साहिब कॉरिडोरके शिलान्यास कार्यक्रममें पाकिस्तान जानेके प्रकरणपर बेंगलुरुमें नवजोत सिंह सिद्धूने शुक्रवारको कहा था कि उन्हें राहुल गांधीने ही पाकिस्तान भेजा था । उन्होंने कहा, ‘मेरे नेता राहुल गांधी हैं, उन्होंने ही भेजा है ।’ सिद्धूने कहा कि पंजाबके मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंहने मुझे पाकिस्तान जानेसे मना किया था, किन्तु लगभग २० कांग्रेसी नेताओं और केन्द्रीय नेतृत्वके कहनेपर मैं पाकिस्तान गया था ।
स्रोत : आजतक
Leave a Reply