जून १४, २०१८
श्रीनगरः जम्मू कश्मीरमें वरिष्ठ पत्रकार और ‘राइजिंग कश्मीर’के सम्पादक शुजात बुखारी और उनके ‘पीएसओ’की गुरुवारको अज्ञात बन्दूकधारियोंने गोली मारकर हत्या कर दी ! ये आक्रमण श्रीनगरमें उनके कार्यालयके बाहर हुआ । पुलिसके अधिकारियोंने बताया कि बुखारी श्रीनगरके ‘प्रेस एंक्लेव’ स्थित अपने कार्यालयसे एक ‘इफ्तार’ भोजके लिए जा रहे थे कि तभी अज्ञात बन्दूकधारियोंने उनपर आक्रमण कर दिया ! उन्होंने बताया कि बुखारीकी सुरक्षामें उद्यत उनके निजी सुरक्षा अधिकारियोंमेंसे (पीएसओ) एककी इस आक्रमणमें मृत्यु हो गई ! आक्रमणमें एक अन्य पुलिसकर्मी तथा एक नागरिक चोटिल हो गया ।
अधिकारियोंने बताया कि आक्रमणमें चोटिल दोनों लोगोंकी स्थिति गम्भीर है । आक्रमण ‘ईद’से पूर्व हुआ है । तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आक्रान्ताओंकी संख्या कितनी थी ? बुखारीने पूर्वमें ‘द हिन्दू’के कश्मीर संवाददाताके रूपमें भी काम किया था । उन्होंने कश्मीर घाटीमें कई शान्ति सम्मेलनोंके आयोजनोंमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी । वह पाकिस्तानके साथ ‘ट्रैक -2’ प्रक्रियाका भी भाग थे ।
जम्मू कश्मीरकी मुख्यमन्त्री महबूबा मुफ्तीने एक सन्देशमें कहा कि वह बुखारीके ‘आकस्मिक निधन’का समाचार सुनकर स्तब्ध और दुखी हैं । उन्होंने ‘टि्वटर’पर कहा, ‘‘आतंकवादकी बुराईने ‘ईद’की पूर्व संध्यापर अपना निकृष्ट रूप दिखाया है । मैं इस हिंसाके कृत्यकी निन्दा करती हूं और ईश्वरसे प्रार्थना करती हूं कि उनकी (बुखारी) आत्माको शान्ति मिले ! उनके कुटुम्बके प्रति मेरी संवेदनाएं’’
महबूबाने कहा कि बुखारीकी हत्यासे आतंकवादका रूप सामने आया है, “वह भी ईदकी पूर्व संध्यापर !” “शान्ति बनाए रखनेके हमारे प्रयासोंके विरुद्ध खडी शक्तियोंके विरुद्ध हमें एकजुट होना चाहिए !”
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply