जुलाई ११, २०१८
कांग्रेसके वरिष्ठ नेता और पूर्व मन्त्री शशि थरूरके कथनको लेकर एक नूतन विवाद पैदा हो गया है । शशि थरूरने तिरुवनन्तपुरममें कहा कि यदि २०१९ में भाजपा लोकसभा चुनाव विजयी होती है तो देश ‘हिन्दू पाकिस्तान’ बन जाएगा !
तिरुवनन्तपुरममें एक सभाको सम्बोधित करते हुए थरूरने कहा कि २०१९ में भाजपा विजयी हुई तो संविधानको नष्ट कर देगी और एक ऐसे संविधानका निर्माण करेगी जो केवल हिन्दू राष्ट्रके हितोंकी रक्षा करेगा ! फिर वह भारत नहीं रहेगा, जिसके लिए महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद और महान नायकोंने स्वतन्त्रता संग्रामका युद्ध लडा ।
अपने इस कथनके पीछे शशि थरूरने अपने तर्क दिए । उन्होंने कहा कि हिन्दू राष्ट्र बनानेके लिए भाजपाको लोकसभा और राज्यसभामें बहुमत चाहिए । राज्यसभामें अभी भाजपाके पास बहुमत नहीं है; लेकिन आने वाले समयमें राज्यसभामें भी भाजपाका बहुमत हो जाएगा । राज्यसभामें बहुमत प्राप्त करनेके पश्चात भाजपा हिन्दू राष्ट्रके कार्यरूपपर बढेगी ।
उधर शशि थरूरके इस कथनपर भाजपाकी ओरसे कडी प्रतिक्रिया आई है । भाजपाके राष्ट्रीय प्रवक्ता सम्बित पात्राने कहा कि शशि थरूरका यह कथन हिन्दुस्ता को नीचा दिखानेके साथ ही हिन्दुओंको भी नीचा दिखाता है । उन्होंने कहा कि बार-बार कांग्रेस दलके नेता इस प्रकारके वक्तव्य देकर पाकिस्तानको प्राणवायु देनेका कार्य करते हैं ।
स्रोत : दैनिक जागरण
Leave a Reply