सितम्बर ३०, २०१८
मध्यप्रदेशमें विधानसभा मतदानसे पूर्व शिवराज सिंह चौहानकी ओर से निरन्तर नवीन योजनाओंकी घोषणा की जा रही है । इन सबके मध्य शिवराजने एक बार पुनः अपने वक्तव्यसे प्रदेशकी राजनीतिमें गर्माहट ला दी है । चौहानने राज्यमें गौरक्षा और संवर्धनके लिए स्वतन्त्र गौ मन्त्रालय बनानेकी घोषणा की है । वर्तमानमें राज्यमें गौ-संवर्धन मण्डल है और अब इसके स्थानपर मन्त्रालय होगा ! बता दें कि तीन माह पश्चात राज्यमें विधानसभा मतदान होना है ।
मुख्यमन्त्रीने रविवारको खजुराहोमें ‘आचार्य विद्यासागर जीव दया सम्मान समारोह’में कहा कि प्रत्येक घरमें छोटी-छोटी गौशाला बनानेकी आवश्यकता है । इससे गौ माताकी सही अर्थमें सेवा करनेका पुरुषार्थ मिलेगा और इससे बडी क्रान्ति आ सकती है । उन्होंने कहा, “गौशाला और अभ्यारण्यमें वृद्ध गाय आती हैं और देखभालके अभावमें इनकी मृत्यु भी हो जाती है ! ऐसी गायोंके समयपर चिकित्सा सहित अन्य समुचित व्यवस्था भी कराई जाएंगी ।”
उन्होंने कहा कि स्वर्णोदय तीर्थ न्यास बनानेका उपक्रम ऐतिहासिक है । इसके बननेके पश्चात खजुराहोको स्वर्णोदय तीर्थके रूपमें नूतन पहचान मिलेगी । वित्तमन्त्री जयंत मलैयाने राज्य शासनद्वारा जैन तीर्थोके विकास और संवर्धनके लिए किए जा रहे कार्योकी जानकारी दी । मुख्यमन्त्रीने विभिन्न संस्थाओंको ‘आचार्य विद्यासागर जीव दया सम्मान’से सम्मानित किया ।
“मुख्यमन्त्री शिवराजजीके इस साहसिक व प्रखर हिन्दुवादी पगका हम सहृदय अभिनन्दन करते हैं, परन्तु गोमाताके लिए केवल चुनाव आनेपर ही घोषणा क्यूं ?, यह प्रश्नचिह्न निर्माण करता है । शिवराज सदृश नेतासे हिन्दुओंको बहुत आशाएं हैं, यदि आप भी केवल चुनावके समय घोषणा करेंगें तो फिर भेद क्या रहेगा ? और गोमाता हिन्दुओंकी आस्था है व हिन्दुत्वका प्राण, इसके रक्षण हेतु प्रत्येक राज्यने आगे आना चाहिए”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : जनसत्ता
Leave a Reply