नवम्बर २०, २०१८
दक्षिण कश्मीरके शोपियां जनपदमें मंगलवार, २० नवम्बरको भीषण मुठभेडमें सुरक्षाबलोंने चार आतंकियोंको मार गिराया है ! मुठभेडमें सेनाका एक पैरा कमांडो हुतात्मा हो गया, जबकि दो अन्य चोटिल बताए जा रहे हैं । सेनाने किसी सैनिकके हुतात्मा होनेकी पुष्टि नहीं की है । बता दें कि मंगलवार प्रातः यह मुठभेड शोपियांके नादिगाममें हुई, जब सेनाकी ३४ आरआर, २३ पैरा और राज्य पुलिसके एसओजीके सैनिकोंके संयुक्त कार्यदलने आतंकियोंके छिपे होनेकी सूचनापर नादिगामकी घेराबंदी करते हुए अन्वेषण अभियान चलाया । सैनिक जब ढूंढते हुए आगे बढ रहे थे, तो एक घरमें छिपे आतंकियोंने उन पर गोलियां बरसाते हुए वहांसे भागनेका प्रयास किया, लेकिन सैनिकने तुरन्त अपना स्थान लिया और गोलीबारी की । इसके साथ ही वहां भीषण मुठभेड आरम्भ हो गई ।
लगभग तीन घंटे तक चली इस मुठभेडमें चार आतंकी मारे गए और तीन सैन्यकर्मी चोटिल हो गए । चोटिल सैन्यकर्मियोंको उपचारके लिए सैन्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां एक सैनिककी मृत्यु हो गई ! रक्षा मंत्रालयके प्रवक्ताने मुठभेडमें चार आतंकियोंके मारे जानेकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीन सैनिक चोटिल हुए हैं, लेकिन यह पूछे जाने पर कि एक सैनिककी मृत्युका भी दावा किया जा रहा है तो उन्होंने कहा कि मेरे पास अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है ।
स्रोत : जागरण
Leave a Reply