अक्तूबर २७, २०१८
जम्मू कश्मीरके सोपोरमें शुक्रवार, २६ अक्तूबरको हुए आतंकवादी आक्रमणमें हिमाचलका जवान हुतात्मा हो गया है । बारामूला जनपदके सोपोरके पजलपोरामें शुक्रवार प्रातः तीन बजे मुठभेडके समय आतंकियोंकी गोलीसे बृजेश गम्भीर रूपसे चोटिल हो गए थे । उन्हें बादामीबाग स्थित सैन्य चिकित्सालय ले जाया गया है, जहां चिकित्साके समय उनकी मृत्यु हो गई ।
करवाचौथके दिवस शहीद बृजेश शर्माका शव शनिवार, २७ अक्तूबरको ११ बजे उनके पैतृक ऊना जनपदके गांव बंगाणाके ननांवीमें पहुंचा, जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया । हुतात्माका पार्थिव शरीर शनिवार प्रातः हेलीकॉप्टरसे थानाकलां लाया गया । बृजेश शर्मा १४ पंजाब रेजीमेंटमें वर्ष २००३ में प्रविष्ट हुए थे और वर्तमानमें जम्मू-कश्मीरके शोपियांमें तैनात थे ।
हुतात्मा बृजेशके समाचारसे परिजनोंपर दुखोंका पहाड टूट पडा है । करवाचौथके दिवस उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा है । उनकी पत्नी दो माह से गर्भवती है । बृजेश अपने पीछे अपनी माता ध्रुवी देवी, पत्नी श्वेता, एक ६ वर्षीय पुत्री और एक भाईको छोड गए हैं । उनकी पत्नी श्वेता दो माहसे गर्भवती हैं, लेकिन अपने दूसरे बच्चेको देखनेसे पूर्व ही बृजेश शर्मा हुतात्मा हो गए ।
सूबेके मुखिया जयराम ठाकुरने भी शोक प्रकट किया है । अपने शोक सन्देशमें सीएम जयराम ठाकुरने कहा कि इस समयमें शासन बृजेश शर्माके परिवारके साथ है । भगवान उनकी आत्माको शांति दे और शोकाकुल परिवारको दुख सहन करनेकी शक्ति प्रदान करे ।
स्रोत : न्यूज १८
Leave a Reply