शिवसैनिकोंने यन्त्रोंकी तोडफोडकर किया अग्निकाण्ड, राष्ट्रीय राजमार्गोंका कार्य रुकनेपर नितिन गडकरीने मुख्यमन्त्री उद्धवको दी चेतावनी
१४ अगस्त, २०२१
केन्द्रीय सडक परिवहन एवं राजमार्ग मन्त्री नितिन गडकरीने महाराष्ट्रके मुख्यमन्त्री उद्धव ठाकरेको पत्र लिखकर शिवसैनिकोंके दुर्व्यवहारपर असन्तोष प्रकट किया है । पत्रमें उन्होंने मुख्यमन्त्रीसे उन शिवसैनिकोंको नियन्त्रित करनेको कहा है, जो विदर्भमें चल रहे राजमार्गके कार्यको अवरुद्धकर बैठ गए हैं । शिवसेनाके कार्यकर्ता, ठेकेदारोंके यन्त्रों और वस्तुओंको तोडफोड और अग्निकाण्डकर अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिकोंके मनमें भयका वातावरण निर्मित कर रहे हैं । इस प्रकारकी उद्दण्डता नित्य हो रही है व कार्य बन्द करवाया जा रहा है । यदि शिवसैनिक ऐसा ही हिंसक कृत्य करते रहे तो महाराष्ट्रमें राष्ट्रीय राजमार्गके कार्योंको स्वीकृति देनेसे पूर्व ही उनके मन्त्रालयको इसपर गम्भीरतासे विचार करना पडेगा । उन्होंने मुख्यमन्त्रीको लिखे अपने पत्रमें कहा कि यदि कार्यको चलायमान रखना है तो इसमें उनके हस्तक्षेपकी आवश्यकता है ।
निःसन्देह शिवसेना अपने मूल मार्ग, हिन्दुत्वसे पदच्युत हो चुकी है । यदि शिवसेनाको अपना अस्तित्व बचाना है तो क्षेत्रवादकी धुरी व तथाकथित धर्मनिरपेक्ष आवरण त्यागकर अपने मूल उद्देश्यकी दिशामें कृतिशील होना होगा । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
स्रोत : ऑप इंडिया
Leave a Reply