दिसम्बर १५, २०१८
उत्तर प्रदेशके बुलन्दशहरमें गोकशीके शंकामें भीडकी हिंसा और कोतवाल सुबोध कुमार सिंहकी मृत्युके पश्चात अब राज्यमें प्रशासनद्वारा गोकशीपर लगाम लगानेके लिए लोगोंको शपथ दिलाई जा रही है । मेरठमें पुलिस-प्रशासनकी ओरसे एक गांवमें लोगोंको शपथ दिलाई गई कि वे अपने गांव और उसके आसपासके क्षेत्रमें गोकशी नहीं होने देंगे और ऐसा करने वालोंका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा । स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गांववालोंको यह शपथ दिलाता दिखा ।
‘एएनआई’द्वारा जारी एक वीडियोमें मेरठमें एक पुलिस अधिकारी लोगोंको शपथ दिला रहे हैं, जिसमें कहा गया है “आजके पश्चात गांवमें और उसके आसपास गोकशी नहीं होने देंगे और जो गोकशी करेगा उसका सामाजिक बहिष्कार करेंगे ! साथ ही उसे पुलिसके सुपुर्द भी करेंगे । जय हिंद, जय भारत !”
गत ३ दिसम्बरको बुलंदशहरमें गोकशीकी शंकामें भीडने हिंसा करते हुए चिंगरावठी चौराहेपर हंगामा करते हुए पथराव कर दिया था । पुलिसने भीडको नियन्त्रण करनेके लिए लाठीचार्ज भी किया था । भीडमें उपस्थित लोगोंने गोलीबारी आरम्भ कर दी, जिसमें कोतवाली प्रभारी (इंस्पेक्टर) सुबोध कुमार सिंहकी गोली लगनेसे मृत्यु हो गई थी । इस मध्य कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए थे । वहीं, एक अन्य युवक सुमितकी भी इस घटनामें मृत्यु हो गई थी ।
“पुलिसका कार्य है साम-दाम-दण्ड-भेदद्वारा न्यायकी व शान्ति स्थापना करना; अतः पुलिस प्रशासनका यह निर्णय प्रशंसनीय है व इससे सामाजिक जागृति भी निर्मित होती है व लोग भी सचेत हो जाते है; यह भारतके प्रत्येक ग्राममें होना चाहिए ।”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply