अगस्त २७, २०१८
पंजाबके मुख्यमन्त्री अमरिंदर सिंह रविवारको अकाली दलके अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादलपर जमकर बरसे । उन्होंने कहा कि १९८४ के दंगोंको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधीपर बादलका प्रहार अनुचित और व्यर्थ है । अमरिन्दरने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुखको उनके इस वक्तव्यको लेकर फटकारा कि १९८४ के दंगोंके अपराधमें राहुल भागीदार थे । उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार’के समय राहुल विद्यालयमें पढते थे ।
पंजाबके मुख्यमन्त्रीने एक वक्तव्यमें कहा कि उस राहुल पर कोई आरोप लगाना अनर्गल है । उन्होंने कहा कि उसके लिए उन्हें उत्तरदायी बताना मूर्खतापूर्ण है । आपको बता दें कि राहुल गांधीने एक वक्तव्यमें कहा था कि दंगोंमें एक दलके रूपमें कांग्रेसकी कभी संलिप्तता नहीं रही है । यह वक्तव्य सिख समुदायको असहनीय रहा है । अमरिन्दरने कहा कि उन दंगोंमें जो कोई व्यक्तिगत रूपसे सम्मिलित था, वह नियमसे बंधा हुआ है ।
उन्होंने कहा, “कुछ लोगोंके कृत्योंके लिए समूचे दलको उत्तरदायी बताना मूर्खतापूर्ण है और यह सुखबीर बादलकी राजनीतिक अपरिपक्वता दर्शाता है ।” अमरिंदर सिंहने कहा कि राहुल गांधीके वक्तव्यको १९८४ के दंगोंपर उनके पूर्वके वक्तव्योंके सन्दर्भमें देखा जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने स्वयं कुछ कांग्रेसियोंके नाम लिए थे । मुख्यमन्त्रीने कहा कि राहुल गांधीने १९८४ के दंगों सहित सभी प्रकारकी हिंसाकी निंदा की थी और दोषियोंको दण्ड दिए जानेकी बात कही थी । अमरिन्दरने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सुस्त न्याय प्रणालीके कारण १९८४ के दंगोंके कई पीडितोंको अभी भी न्याय नहीं मिला है ।”
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply