मई ११, २०१९
जमशेदपुरमें परसुडीह थाना क्षेत्रके कलियाडीहमें भाजपा नेता मृगेन्द्रनाथ होपेन हेंब्रमकी (३५ वर्षीय) गोली मारकर हत्या कर दी गई ! यह घटना उनके घरसे मात्र २०० मीटरकी दूरीपर हुई । इससे स्पष्ट है कि आक्रमणकारी हत्याके लिए पहलेसे ही घात लगाए बैठे थे । समाचारके अनुसार, घटना शनिवार, ११ मईको सन्ध्या ७.३० बजेकी है । दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियोंने भाजपा नेतापर ६ गोलियां बरसाईं । गोलीकी आवाज सुनकर आसपासके लोग वहां पहुंचे और रक्तरंजित अवस्थामें उन्हें टाटा मुख्य चिकित्सालयमें प्रविष्ट कराया गया, जहां चिकित्सकने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
सूचनाके अनुसार, होपेन हेंब्रम भाजपा एससी-एसटी मोर्चाके क्षेत्रीय मण्डल उपाध्यक्ष थे । इसके अतिरिक्त वो गोशालामें कार्य करते थे और एलआईसीसे भी जुडे हुए थे । सूचना मिलनेपर भाजपा कार्यकर्ता और उनके परिजन भी चिकित्सालय पहुंचे, जहां उनके परिजनोंकी रो-रोकर बुरी स्थिति थी ।
मृतकके भाई सुकू हेंब्रमने बताया कि होपेन सन्ध्याको फुटबॉल खेलने गए थे, वहांसे लौटते समय जैसे ही वो पुलके पास पहुंचे, तभी पहलेसे घात लगाकर बैठे आक्रमणकारियोंने उनपर ६ गोलियां चला दीं । इससे घटनास्थलपर ही उनकी मृत्यु हो गई । सुकू हेंब्रमने दुखू टुडूपर हत्या आरोप लगाया है ।
घटनाकी सूचना मिलनेपर डीएसपी आलोक रंजन अपने दल-बलके साथ घटनास्थलपर पहुंचे, जहां उन्हें दो खोखा और होपेनका जूता मिला । पुलिसने दुखू टुडूके परिजनोंको बन्दी बनाकर उनसे इस प्रकरणपर पूछताछ की । पुलिस अन्वेषण कर रही है और हत्याके कारण ज्ञात करनेमें लग गई है ।
स्रोत : ऑप इण्डिया
Leave a Reply