नवम्बर १, २०१८
असमके तुनसुकियामें संदिग्ध उग्रवादी आक्रमणका समाचार है, जिसमें उग्रवादी आक्रमणमें ५ लोगोंकी मृत्यु हो गई है । ‘उल्फा’ उग्रवादियोंने इन्हें अपहरण करके गोली मारी थी, जिसमें पांच लोगोंकी मृत्यु हो गई । गुरुवार, १ नवम्बर शामको पौने आठ बजे हुए आक्रमणमें उग्रवादियोंने छह युवाओंको उठा लिया था । इसके पश्चात् उग्रवादी इन युवाओंको ब्रह्मपुत्र नदीके किनारे ले गए और उन्हें गोली मार दी । इनमेंसे चार लोगोंकी वहीं मृत्यु हो गई और एककी चिकित्सालय ले जाते समय मृत्यु हो गई ।
एक चोटिल व्यक्तिको चिकित्सालयमें प्रविष्ट कराया गया है । असम पुलिसके एडीजीपी मुकेश अग्रवालने कहा है कि आक्रमणके पीछे उल्फाके उग्रवादियोंका हाथ है ।
पश्चिम बंगालकी मुख्यमन्त्री ममता बनर्जीने इसकी और इसमें श्यामलाल बिस्वास, अनंत बिस्वास, अभिनाश बिस्वास, सुबोध दासकी हत्याकी निंदा की है । उन्होंने प्रश्न किया है कि क्या यह ‘एनआरसी’के कारण हुआ है ?
इससे पूर्व, असमके गुवाहाटीमें १३ अक्टूबरको भी एक विस्फोट हुआ था, जिसमें ४ लोग गंभीर रूपसे चोटिल हो गए थे । विवरणके अनुसार यह विस्फोट शुक्लेश्वर घाटके पान बाजारके निकट हुआ था ।
गुवाहाटीके जॉइंट सीपी दिगांत बोराने बताया था कि लगभग पौने बारह बजे रिवर फ्रंटके निकट विस्फोट हुआ । लोगोंने बताया कि विस्फोट शक्तिशाली था, इसमें घाटकी चहारदीवारी टूट गई और उसके ईंटके टुकडे रास्तेपर बिखर गए । विस्फोटके कारण इस क्षेत्रमें जाम भी लग गया है ।
स्रोत : आज तक
Leave a Reply