सितम्बर ७, २०१८
पाकिस्तानके सेना प्रमुखने पुनः कश्मीर राग अलापा है ! उन्होंने कहा कि ‘स्वतन्त्रताके युद्धमें हम कश्मीरके साथ हैं । कश्मीरके भाईयों-बहनोंके बलिदानको हम नमस्कार करते हैं । हम सीमापर बहे रक्तका हिसाब लेंगे !’ भारतके साथ १९६५ के युद्धकी ५३वीं वर्षगांठके अवसरपर शुक्रवारको पाकिस्तानमें आयोजित रक्षा दिवस कार्यक्रममें पाक सैन्य प्रमुखने ये कडवे वचन बोले । उन्होंने फिर कश्मीरका राग छेडते हुए कहा कि ‘हम कश्मीरके भाईयों और बहनोंद्वारा उनकी स्वतन्त्रताके युद्धमें दिए प्राणोंके लिए नमन करते हैं ।’
उन्होंने कहा कि गत दो दशकसे युद्धके ढंग परिवर्तित हो गए हैं । पाकिस्तानको दुर्बल करनेका प्रयास किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि पाकिस्तानकी रक्षामें देशने अब तक ७६,००० सैनिक खोए हैं ! इनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा ! राजधानी इस्लामाबादमें आयोजित इस कार्यक्रममें पाकिस्तानके प्रधानमन्त्री इमरान खान, राष्ट्रपति ममनून हुसैन भी उपस्थित थे ।
वहीं, प्रधानमन्त्री इमरान खानने कहा, पाकिस्तान शान्तिपूर्वक सह-अस्तित्वमें विश्वास करता है और अपने पडोसियों और पूरे विश्वके साथ समानताके आधारपर पारस्परिक सहयोगको बढावा देना चाहता है । कश्मीरपर इमरानने कहा कि क्षेत्रमें शान्तिके लिए संयुक्त राष्ट्रके प्रस्तावोंके अन्तर्गत कश्मीर प्रकरणका हल निकालना आवश्यक है । उन्होंने आगे कहा कि शासन और सेनाके मध्य तनाव एक झूठा प्रचार था, जोकि अब पूर्ण रूपसे समाप्त हो चुका है ।
“क्या सिद्धू इसका उत्तर देंगे कि अब क्या करना चाहिए ? ऐसे राष्ट्रद्रोहियोंको शासनने त्वरित बाहर करना चाहिए” – सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply